हर्ष विद्या मंदिर पी.जी. कॉलेज, रायसी में समाजशास्त्र विभाग द्वारा सामाजिक न्याय दिवस पर समावेश और समानता का संदेश !आपको बता दें कि लक्सर क्षेत्र के रायसी स्थित महाविद्यालय में 20 फरवरी को सामाजिक न्याय दिवस 2026 के अवसर पर समाजशास्त्र विभाग द्वारा एक विचारोत्तेजक एवं जन-जागरूकता केंद्रित कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में विचार गोष्ठी, व्याख्यानमाला, छात्र सहभागिता गतिविधियाँ एवं संवाद सत्र शामिल रहे।इस वर्ष की आधिकारिक थीम “समावेश को सशक्त बनाना: सामाजिक न्याय के लिए अंतर को पाटना ” रही, जिसके माध्यम से समान अवसरों की उपलब्धता, सामाजिक व आर्थिक असमानताओं को कम करने, समावेशी नीतियों को सुदृढ़ करने तथा सामाजिक सुरक्षा उपायों को मजबूत बनाने पर विशेष बल दिया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिससे वातावरण में गरिमा एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार हुआ। समाजशास्त्र विभाग से डॉ. सुरजीत कौर ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने उद्घाटन वक्तव्य में कहा कि सामाजिक न्याय केवल एक संवैधानिक आदर्श नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब तक समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा,स्वास्थ्य, रोजगार एवं सम्मानजनक जीवन के समान अवसर उपलब्ध नहीं होंगे, तब तक विकास अधूरा रहेगा।डॉ. सुरजीत कौर ने अपने वक्तव्य में जातिगत भेदभाव, लैंगिक असमानता,आर्थिक विषमता, सामाजिक बहिष्करण एवं हाशिए पर खड़े समुदायों की समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में समावेशन को सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि निर्णय-प्रक्रिया में सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक चेतना विकसित करने, संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनने का आह्वान किया।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours